एफडीए की छापेमारी, 21 गिरफ्तार, 6.33 करोड़ का खाद्य पदार्थ जब्त
मुंबई, 13 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्यभर में 10 से 12 जुलाई के बीच 28 जगहों पर छापेमारी की है। सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र अभियान के तहत 2,19,061 किलो खाद्य पदार्थ और 91,692 लीटर दूध सहित कुल 6.33 करोड़ रुपए मूल्य का माल जब्त किया गया है।
एफडीए से मिली जानकारी के अनुसार प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के मामलों में 16 एफआईआर दर्ज कर 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 1.62 करोड़ रुपए का माल जब्त किया गया। इसके अलावा करीब 3.23 करोड़ रुपए के न्यूट्रास्यूटिकल्स, मसाले, बेकरी उत्पाद और खाद्य तेल भी जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 60 होटल, रेस्तरां और ढाबों की जांच में 8 को सुधार नोटिस और 5 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। एफडीए ने सोलापुर, अहमदनगर और भिवंडी में छह डेयरी इकाइयों पर कार्रवाई करते हुए 91,692 लीटर दूध और 26,425 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर व स्प्रे ड्राइड डेयरी क्रीमर सहित 1.47 करोड़ रुपए का संदिग्ध स्टॉक जब्त किया है। भिवंडी स्थित शाह एंटरप्राइजेज से विभिन्न ब्रांडों के 1.11 करोड़ रुपए मूल्य के मिसब्रांडेड स्किम्ड मिल्क पाउडर का बड़ा जखीरा भी कब्जे में लिया गया है।
सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र' अभियान के तहत छत्रपति संभाजीनगर में दो खाद्य तेल री-पैकिंग इकाइयों पर छापेमारी कर 2.93 करोड़ रुपए मूल्य का खाद्य तेल जब्त किया गया और दोनों इकाइयों के लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिए गए। नागपुर और भिवंडी में भी खाद्य तेल व हेल्थ सप्लीमेंट्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए का माल जब्त किया गया है। एफडीए ने नागपुर, अमरावती और मुंबई के कई होटल एवं रेस्तरां में गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां मिलने पर उनके लाइसेंस निलंबित किए हैं।
मुंबई में 1,065 से अधिक शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के लिए स्कूलों में सुरक्षित व संतुलित भोजन को लेकर आठ जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की गईं। एफडीए ने नागरिकों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संबंधी शिकायतें पोर्टल,ऐप या टोल-फ्री नंबर पर दर्ज कराने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

