home page

गुटखा कारोबार पर एफडीए की बड़ी कार्रवाई, 143 जगहों पर छापे

 | 

मुंबई, 28 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र में तंबाकू और गुटखा के अवैध कारोबार पर अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य भर में 143 जगहों पर छापा मारकर 1.74 करोड़ रुपए का प्रतिबंधित माल जब्त किया गया है। कुल 130 एफआईआर दर्ज की गईं है और 145 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

एफडीए से मिली जानकारी के अनुसार एफडीए मंत्री नरहरि झिरवल, सचिव धीरज कुमार और आयुक्त श्रीधर डुबे-पाटील के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। गोपनीय सूचना के आधार पर एक से 19 अप्रैल के बीच राज्य भर में व्यापक छापेमारी मुहिम चलाई गई। इस अभियान के दौरान कुल 143 स्थानों पर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। कार्रवाई में लगभग 1 करोड़ 74 लाख 24 हजार 922 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया गया। साथ ही संबंधित पुलिस स्टेशनों में 130 एफआईआर दर्ज कर 145 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई विभिन्न विभागों के समन्वय से एक साथ की गई, जिससे अवैध नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

राज्य में 16 जुलाई 2025 से महाराष्ट्र में तंबाकू, गुटखा, पान मसाला, सुगंधित सुपारी, खर्रा, मावा और अन्य अपमिश्रित चबाने वाले उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण, परिवहन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी ऐसे प्रतिबंधित उत्पादों का अवैध कारोबार होता दिखे, तो इसकी सूचना तुरंत टोल-फ्री नंबर 1800-222-365 पर दें। लोगों को इन हानिकारक पदार्थों से दूर रहने और नशे की आदत से बचने की सलाह दी गई है। यह कार्रवाई राज्य में जनस्वास्थ्य को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार