home page

गुटखा विक्रेताओं के खिलाफ एफडीए की कार्रवाई, 32 गिरफ्तार, 26 जगहें सील

 | 

मुंबई,01 जून (हि.स.)। अन्न व औषधि विभाग (एफडीए) ने गुटखा कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। पूरे राज्य में छापेमारी करके 32 आरोपियों को गिरफतार किया गया है। कुल 26 जगहें सील की गई हैं और लाखों का माल ज़ब्त किया गया है।

एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर पूरे राज्य में अभियान चलाया जा रहा है। पिछले दो दिनों में एफडीए अधिकारियों ने मुंबई, कोंकण, पुणे, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर, अमरावती विभाग में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला बेचने वालों व नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इसमें कोंकण विभाग में 16 जगहों पर कार्रवाई की गई और 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई में 1 जगह पर कार्रवाई की गई और 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुणे में 3 जगहों पर कार्रवाई की गई और 2 लोग गिरफ्तार हुए। नासिक में 2 जगहों पर कार्रवाई की गई और 2 लोग गिरफ्तार किए गए। छत्रपति संभाजीनगर में 11 जगहों पर कार्रवाई की गई और 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह अमरावती में 3 जगहों पर कार्रवाई की गई और 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एफआईआर दर्ज कर कुल 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी जगहों से 12 लाख 16 हजार 965 रुपये का सामान जब्त किया गया है।

एफडीए आयुक्त मुंढे ने लोगों से मिलावटखोरों और प्रतिबंधित गुटखा विक्रेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की अपील की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार