home page

नवी मुंबई में खाद्य उत्पादों के पैकेटों पर एक्सपायरी तिथि में हेराफेरी, एफडीए ने कंपनी के खिलाफ की कार्रवाई

 | 

मुंबई, 01 सितंबर (हि.स.)। नवी मुंबई के तुर्भे के टीटीसी इंडस्ट्रियल एरिया में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) और क्राइम ब्रांच पुलिस की टीम ने मंगलवार को खाने के पैकेटों की तारीखों में छेड़छाड़ करने वाली कंपनी पर कार्रवाई की है। एफडीए की टीम ने इस कंपनी में से 75.21 लाख रुपये खाद्य सामान बरामद किए हैं, जिनके लेबल पर मैन्युफैक्चरिंग, एक्सपायरी, बैच नंबर और एमआरपी बदले गए थे। इस मामले की गहन छानबीन एफडीए की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे अधिकारी ने बताया कि तुर्भे के टीटीसी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक गोदाम में खाद्य उत्पादों के पैकेट पर पुरानी तारीखों को बदलकर नई तारीखें प्रिंट करने की शिकायत एफडीए को मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर एफडीए की टीम ने संबंधित कंपनी पर पुलिस टीम के साथ छापा मारा और गलत लेबल के सामान जब्त किए हैं। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

एफडीए की ओर से पिछले छह दिनों से राज्य में अलग -अलग जगह की गई कार्रवाई के दौरान कुल 18 एक्सपोर्टर्स के करीब 2 करोड़ 46 लाख 53 हजार 354 रुपये के खाद्य सामान की जांच की गई है। इस मामले में जयप्रकाश संचतिराम सिंह (27) और जय नवरंग बहादुर सिंह (26) के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके अलावा संबंधित 11 एक्सपोर्टिंग कंपनियों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव