एफडीए की कार्रवाई, 68 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड
मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट् अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने त्योहारी सीजन में मिलावट खोरों और खाद्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। मुंबई सहित राज्य में 68 प्रतिष्ठानों को दोषी पाए जाने पर उनके लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं।
एफडीए से मिली जानकारी के अनुसार दिवाली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए पूरे राज्य में खाने-पीने की चीजों की जांच का बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान लगभग 12.74 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया है। यह अभियान मुंबई, कोकण, पुणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, नागपुर और अमरावती, सातों विभागों में चला जा रहा है। सबसे गंभीर मामला एक्सपायरी और खराब माल के दोबारा बाजार में पहुंचने का है। ठाणे और पुणे जिलों में नष्ट करने के लिए भेजा गया माल असल में नष्ट न करके फिर बेचे जाने का संदेह था। जांच में 8,392 किलो माल मिला, जिसकी कीमत करीब 48.09 लाख रुपये है। कंपनियां माल नष्ट करने का पूरा और जांचने लायक रिकॉर्ड नहीं दे सकीं। इन मामलों में पांच लाइसेंस सस्पेंड हुए और आपराधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं।
छत्रपति संभाजीनगर में एक ही दिन दो कोल्ड स्टोरेज पर कार्रवाई हुई। वहां से 1,97,480 किलो माल जब्त हुआ, जिसकी कीमत 4.19 करोड़ रुपये है। इसमें मिर्च पाउडर, किशमिश, गुड़ और पाश्चराइज्ड मक्खन का समावेश है। दोनों कोल्ड स्टोरेज के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं। मुंबई समेत राजभर में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और खुशबूदार तंबाकू के खिलाफ 22 एफआईआर दर्ज हुईं और 20 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। गाड़ियों समेत करीब 3.15 करोड़ रुपये का माल पकड़ा गया। सबसे बड़ी जब्ती पालघर के मनोर में हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

