home page

एफडीए की महाराष्ट्र में कारर्वाई, एआई-आधारित शिकायत पोर्टल लॉन्च

 | 

मुंबई, 16 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) की कार्रवाई पूरे राज्य में जारी है। एफडीए ने नागरिकों के लिए एक एआई-आधारित शिकायत पोर्टल लॉन्च किया है। इसके माध्यम से राज्य में मिलावटी खाद्य पदार्थ और नकली दवाओं की शिकायतें अब मराठी, हिंदी या अंग्रेजी में केवल बोलकर आसानी से दर्ज की जा सकेंगी.

एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर पूरे राज्य में मिलावट खोरों और गुटखा कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। एफडीए अधिकारियों के अनुसार बोल कर की गई शिकायत को एआई एक लिखित शिकायत में बदल देगा। इस नई तकनीक में नागरिकों को अब लंबी शिकायतें टाइप करने की आवश्यकता नहीं है। वे अपनी समस्या बोलकर दर्ज करा सकते हैं। हर शिकायत का एंड-टू-एंड ट्रैक रिकॉर्ड रखा जाएगा। यदि किसी अधिकारी द्वारा शिकायत पर एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो सिस्टम स्वचालित रूप से उसे उच्च अधिकारियों को भेज देगा। इसके अलावा जनता हेल्प लाइन नंबर 1800 222 365 पर भी संपर्क कर सकती है।

एफडीए ने मुंबई के प्रतिष्ठित पारसी डेयरी फार्म का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन और स्वच्छता में कमी पाए जाने के कारण की गई है। मरीन ड्राइव स्थित पारसी डेयरी फार्म पर एफडीए की टीम ने कार्रवाई की है। गंभीर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए एफडीए ने यह सख्त कदम उठाया है। बीते दिनों एफडीए ने मुंबई के चर्चगेट स्थित मशहूर 'के रुस्तम एंड कंपनी आइसक्रीम पार्लर का भी लाइसेंस रद्द कर दिया था। वहां मक्खियों, जिंदा चूहों और एक्सपायर्ड उत्पादों जैसी गंभीर खामियां पाई गई थी। जोगेश्वरी में नकली साबून बनाने वाले कारखाने पर छापा मारकर 11 लाख रुपये का नकली उत्पाद जब्त किया गया है। गोरेगांव पश्चिम के प्रेमनगर में दूध की थैलियों में छेड़छाड़ करके बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। गोवंडी में एक डेयरी व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एफडीए ने राज्यव्यापी छापेमारी के दौरान लगभग 190 करोड़ रुपये का मिलावटी और प्रतिबंधित खाद्य सामग्री जब्त किए हैं। इसके तहत कुल 16 गिरफ्तारियां और 11 एफआईआर दर्ज की गई हैं।

पूरे राज्य में दूध और दूग्ध उत्पादों पर कार्रवाई की गई है। कुल 2,317 लीटर दूध, मिलावट के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला 30 लीटर रिफाइंड खाने का तेल और 6,849.25 किलो दूध से बने उत्पाद ज़ब्त किए गए है। इस स्टॉक की कीमत 45,78,396.40 रुपये बताई जा रही है। अकोला में बैन खाने की चीजें बनाने वाली एक फैक्ट्री से 1.23 करोड़ रुपये का स्टॉक ज़ब्त किया गया है। कुल 57 होटलों, रेस्टोरेंट, ढाबों की जांच की गई और 27 को सुधार नोटिस जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार