एफडीए की कार्रवाई, 1.89 करोड़ का माल जब्त
मुंबई, 04 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने पिछले पांच दिनों में राज्यव्यापी विशेष मुहिम चलाकर प्रतिबंधित दुग्ध पदार्थ, गुटखा, पान मसाला और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 30 स्थानों पर छापेमारी कर करीब 1.89 करोड़ रुपए का प्रतिबंधित और संदिग्ध माल जब्त किया गया है।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने खाद्य कारोबारियों से नियमों का कड़ाई से पालन करने और नागरिकों से संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी तुरंत एफडीए को देने की अपील की है। एफडीए अधिकारियों के अनुसार 30 जुलाई से 3 अगस्त तक चलाए गए अभियान में 1.63 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला जब्त किया गया है। इसके अलावा दूध, दुग्ध उत्पाद, मसाले, खाद्य तेल और बेकरी उत्पादों सहित लगभग 26 लाख रुपए मूल्य के 13,591 किलोग्राम संदिग्ध खाद्य पदार्थ भी जब्त किए गए हैं।
छत्रपति संभाजीनगर की एक डेयरी पर छापेमारी के दौरान संदिग्ध घी, पनीर, मलाई और खाद्य तेल का स्टॉक भी बरामद हुआ। जांच में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित के लाइसेंस के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान राज्यभर के 98 होटल, रेस्तरां और ढाबों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों में कमी मिलने पर 57 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि कुछ मामलों में लाइसेंस संबंधी प्रशासनिक कार्रवाई भी की गई है। संबंधित मामलों में कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

