home page

मिठाई- दुग्ध कारोबिरयों पर एफडीए की कार्रवाई

 | 

मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मिठाई-दूध सहित अन्य खाद्य पदार्थों से जुड़े कारोबारियों पर कार्रवाई की है। मुंबई की चार दुकानों सहित विभिन्न विभागों से कुल 6,495 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई है। इसकी कीमत 24 लाख 92 हजार 455 रुपए बताई जा रही है।

एफडीए अधिकारियों के अनुसार अभियान के तहत मिठाई, दुग्ध उत्पाद, चावल, सूखे मेवे और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की गई। लेबल पर जानकारी में खामियों, गुणवत्ता मानकों के संभावित उल्लंघन और अस्वच्छ भंडारण की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई है। मुंबई की यशोदा डेयरी से 76,510 रुपये मूल्य का 250.50 किलो दूध पाउडर, भैंस का दूध और पनीर जब्त किया गया है। क्लासिक एंटरप्राइजेज से 35,520 रुपये मूल्य का 296 किलो टूटा चावल बरामद हुआ। गीतांजलि कैटरिंग सर्विसेज से 36 हजार रुपये मूल्य का 72 किलो मोहनथाल और अरिहंत स्वीट्स से 1 लाख 22 हजार 260 रुपये मूल्य की 240.50 किलो विभिन्न मिठाइयां जब्त की गईं। मिठाइयों में अतिरिक्त रंग मिलाए जाने का संदेह है।

एफडीए अधिकारियों की टीमों ने राज्य के अन्य इलाकों में भी कार्रवाई की है। कोंकण विभाग में 1,298 किलो खाद्य गोंद, जिसकी कीमत 2.69 लाख रुपये है। इसी तरह 631 किलो गुड़ और शहद जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 1.43 लाख रुपये है। नागपुर विभाग के कामठी स्थित राधेकृष्ण फूड प्रोडक्ट्स से 10 लाख 60 हजार 970 रुपये मूल्य की 1,795 किलो ममता सोनपापड़ी जब्त की गई। प्रतिष्ठान के पास आवश्यक लाइसेंस या पंजीकरण नहीं था। पुणे विभाग में 478 किलो दाल, 358 किलो बादाम और 493 किलो काली किशमिश जब्त की गई। इनकी कीमत क्रमशः 53,775 रुपये, 3.58 लाख रुपये और 2.46 लाख रुपये है। छत्रपति संभाजीनगर विभाग में 62,080 रुपये मूल्य के 388 किलो मोटे अनाज से बने उत्पाद और 27,840 रुपये मूल्य के 195 किलो दूध बिस्कुट जब्त किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार