home page

दूध डेयरियों पर एफडीए की कार्रवाई

 | 

मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) दूध डेरियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस अभियान में लगभग 43.56 टन खाद्य सामग्री जब्त की गई है। दूध और घी की कुल 719.2 लीटर मात्रा जब्त कर नष्ट की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.56 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

मुंबई के गोवंडी, मानखुर्द, एंटॉप हिल, चेंबूर और धारावी सहित विभिन्न इलाकों में दूध बेचने वाली दुकानों और डेयरियों की जांच की गई। इस दौरान कुल 564 लीटर दूध नष्ट किया गया। कुछ जगहों पर खुले दूध की गुणवत्ता को लेकर संदेह था, जबकि कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और दूध के रखरखाव से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया गया। नल बाजार इलाके से 4.22 लाख रुपये से अधिक के प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त किए गए और एक मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा अंधेरी, जोगेश्वरी, भायखला, लोअर परेल और शिवड़ी के सात प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।

गोवंडी और मानखुर्द में दो डेयरियों से 85 लीटर संदिग्ध खुला दूध जब्त कर नष्ट किया गया। एंटॉप हिल में एक केंद्र पर 250 लीटर दूध नष्ट किया गया। धारावी और माहिम पश्चिम के दो प्रतिष्ठानों से 229 लीटर खुला गाय का दूध नष्ट किया गया। कुछ प्रतिष्ठानों के पंजीकरण या लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। बिना लाइसेंस कारोबार करने वाले प्रतिष्ठान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार