home page

खाद्य प्रतिष्ठानों पर एफडीए की कार्रवाई

 | 

मुंबई. 02 सितंबर (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा व स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वाले मुंबई के चार नामांकित प्रतिष्ठानों के खिलाफ अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कड़ी कार्रवाई की है। रॉयल पाम्स स्थित ईट क्लब ब्रांड्स और जरीमारी स्थित राणी क्रिएटर्स कन्सल्टंट एंड सर्विस प्रोव्हायडर्स के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए हैं। गुडलक बेकरी एंड स्टोर्स और अशफाक बेकरी में भी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर गड़बड़ियां मिली हैं। इनके लाइसेंस को भी निलंबित करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

एफडीए टीम की जांच में ईट क्लब में खाद्य पदार्थ व पैकेजिंग सामग्री की अनुचित भंडारण व्यवस्था, लाइसेंस प्रदर्शित न करना, अपर्याप्त हाथ धोने व स्वच्छता सुविधाएं, प्रकाश व वेंटिलेशन की कमी, कीट नियंत्रण में खामियां, कच्चे माल की जांच व सफाई का अभाव, कर्मचारियों के लिए एप्रन, दस्ताने, हेडगियर व शू कवर की कमी, संदिग्ध चिकित्सा प्रमाणपत्र, शिकायत निवारण व प्रशिक्षण रिकॉर्ड का अभाव, बिना अनुमति आइसक्रीम और कार्बोनेटेड पेय की बिक्री मिली। इसके बाद इसके लाइसेंस को निलंबित किया गया। राणी क्रिएटर्स में चूहे व कीटों का प्रकोप, गंदगी, जमा पानी, खराब फर्श व निकासी, अनुचित कचरा निपटान, खुले कच्चे मांस का भंडारण, लेबल का अभाव, एफआईएफओ-एफईएफओ का पालन न होना, तापमान नियंत्रण की कमी, खराब तेल, अस्वच्छ कच्चा माल, खुले तैयार खाद्य पदार्थ, कीटरोधी जालियों की कमी और कर्मचारियों की खराब व्यक्तिगत स्वच्छता मिली। कुकिंग, रीहीटिंग, कूलिंग, तेल जांच, सफाई, कचरा निपटान, ऑडिट व सुधारात्मक कार्रवाई के रिकॉर्ड भी अधूरे थे। इसके खाद्य लाइसेंस को भी निलंबित किया गया।

गुडलक बेकरी को 146 में सिर्फ 36 अंक यानी 25 प्रतिशत मिले, जबकि अशफाक बेकरी को 156 में 56 अंक यानी 36 प्रतिशत मिले। दोनों प्रतिष्ठानों में भंडारण, स्वच्छता, कीट नियंत्रण, पानी की जांच, तापमान नियंत्रण, पैकेजिंग की अनुरूपता, कर्मचारी प्रशिक्षण, चिकित्सा जांच, सुरक्षात्मक पोशाक, खाद्य सुरक्षा रिकॉर्ड, प्रयोगशाला जांच और ग्राहक शिकायत निवारण में गंभीर कमियां मिलीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार