सूखा राहत के लिए केंद्र सरकार से मिलेगी किसानों को बड़ी मदद - एकनाथ शिंदे
मुंबई, 05 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में भीषण सूखे की स्थिति को लेकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक सूखे की स्थिति और उससे निपटने के उपायों को लेकर चर्चा हुई। शिंदे ने बताया कि केंद्र सरकार सूखा राहत के लिए महाराष्ट्र को जल्द ही बड़ी आर्थिक सहायता देगी।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद शिंदे ने बताया कि राज्य में सूखे का संकट गंभीर है। इस कठिन घड़ी में सरकार किसानों को अकेला नहीं छोड़ेगी और किसानों की दिवाली काली नहीं होने दी जाएगी। सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। बैठक में प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति की गंभीरता से जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने राज्य में पानी की स्थिति, खेती और पशुओं के चारे की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सूखे का संकट बड़ा है और केंद्र सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल 6 हजार रुपये और राज्य की नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना के तहत 6 हजार रुपये दिए जाते हैं। यानी किसानों को कुल 12 हजार रुपये की वार्षिक सहायता मिलती है। पिछले साल भी अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को सरकार ने मदद दी थी। सरकार की तिजोरी पर पहला अधिकार अन्नदाता का है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए शिंदे ने कहा कि चुनाव में जनता ने जिन्हें गाड़ दिया, वही अब दूसरों को गाड़ने की भाषा बोल रहे हैं। विपक्ष के पास अब कोई काम नहीं बचा है। सिर्फ मोर्चे निकालना, आंदोलन करना और प्रधानमंत्री व गृहमंत्री पर आरोप लगाना ही उनका काम रह गया है। इसी में वे अपनी राजनीति की सार्थकता समझ रहे हैं। विधान परिषद चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महायुति की समन्वय समिति की बैठक में पुणे शिक्षक मतदार संघ से मंगेश चिवटे को चुनाव लड़ाने को लेकर चर्चा हुई थी। पार्टी ने चिवटे को एबी फॉर्म दे दिया है और वे कल अपना नामांकन दाखिल करेंगे। फिलहाल नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया चल रही है, इसके बाद नामांकन वापसी की प्रक्रिया होगी। इस दौरान कई राजनीतिक घटनाक्रम सामने आएंगे। महाराष्ट्र से जुड़े विषयों का समाधान महाराष्ट्र में ही किया जाएगा। मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एनडीए के मुख्य नेता हैं और मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में निर्णय लेने का अधिकार उन्हें है। उचित समय आने पर प्रधानमंत्री इस संबंध में निर्णय लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

