home page

72 घंटे के अंदर मिलेगा किसानों को उनकी उपज का भुगतान

 | 

मुंबई, 21 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की तर्ज पर अब महाराष्ट्र के किसानों को भी राहत मिल सकेगी। भाजपा एमएलसी डॉ. परिणय फुके की अगुवाई वाली कमेटी ने अपनी रिपोर्ट खाद्य व आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल को सौंप दी है। इस रिपोर्ट में धान खरीदी, समर्थन मूल्य और 72 घंटे के अंदर वेतन संबंधी भुगतान की सिफारिश की गई है।

धान खरीदी के प्रबंधन और न्युतम समर्थन मूल्य तय करने का अध्ययन करने के लिए कमेटी ने हाल ही में छत्तीसगढ़ का दौरा किया था। कमेटी ने किसानों के फायदे के लिए एक रिपोर्ट तैयार की है। इसमें छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में धान खरीद सिस्टम में अंतर, सुधार और 72 घंटे के अंदर भुगतान शामिल हैं. बजट सत्र में फुके ने मुद्दा उठाया था कि छत्तीसगढ़ में किसानों को धान बिक्री का पैसा 72 घंटे के अंदर मिल जाता है। सरकार ने फुके की अध्यक्षता में कमेटी बनाई थी. कमेटी ने छत्तीसगढ़ का दौरा कर किसानों के हितों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। छत्तीसगढ़ के खाद्य व नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल ने सरकार के माध्यम से धान के समर्थन मूल्य और प्रबंधन के बारे में मार्गदर्शन दिया। छत्तीसगढ़ में धान खरीद प्रक्रिया के दौरान धान के प्रबंधन, नए और पुराने धान की गणना, धान खरीद केंद्रों के कामकाज, किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान की व्यवस्था और धन की उपलब्धता के लिए बैंकिंग प्लानिंग के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कमेटी ने धान खरीद प्रणाली के विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अध्ययन किया। उस आधार पर उन्होंने एक रिपोर्ट तैयार की है। कमेटी ने किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए विकसित एएसआईसी सिस्टम के बारे में भी जाना। रिपोर्ट में इस सिस्टम को लागू करने की सिफारिश की गई है। इस दौरे के दौरान हुई सभी मीटिंग, चर्चा और निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई है।

फुके ने बताया कि रिपोर्ट मंत्री भुजबल को सौंप दी गई है। किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाने के लिए यह स्टडी टूर जरूरी था। किसानों के फायदे के लिए जल्द से जल्द सिफारिशों को लागू करने पर चर्चा हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार