home page

डेढ़ दिन के गणपति बप्पा को विदाई, 2889 मूर्तियों का विसर्जन

 | 

मुंबई, 15 सितंबर (हि.स.)। गणेशोत्सव के दूसरे दिन डेढ़ दिन की गणपति बप्पा की मूर्तियों का मंगलवार को विसर्जन किया गया। भक्तिमय वातावरण और नाचते-गाते शाम तक कुल 2889 मूर्तियों का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और हर जगह उत्साह का माहौल देखने को मिला।

गणपति बाप्पा मोरया, अगले वर्ष तू जल्दी आ के जयघोष के साथ गणेशभक्तों ने विघ्नहर्ता को इस साल की विदाई दी। बीएमसी प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार कुल 2834 घरेलू गणेश मूर्तियों, 25 सार्वजनिक मंडलों की मूर्तियों और 30 हरतालिका मूर्तियों का विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कई स्थानों पर पर्यावरण अनुकूल उत्सव के तहत श्रद्धालुओं ने कृत्रिम तालाबों में विसर्जन को प्राथमिकता दी। विसर्जन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो, इसके लिए स्थानीय प्रशासन, मनपा और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारी की थी।

प्रमुख घाटों, विसर्जन कुंडों और तालाबों के आसपास लाइफगार्ड टीम, अग्निशमन दल, एंबुलेंस और सीसीटीवी का प्रबंध किया गया था। मंगलवार शाम के बाद विसर्जन घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई। साथ ही यातायात जाम से बचने के लिए मार्गों में आवश्यक बदलाव किए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार