नालासोपारा में फर्जी डॉक्टर की क्लीनिक पर पुलिस का छापा
मुंबई, 20 जून (हि.स.)। नालासोपारा पूर्व के पेल्हार क्षेत्र में वैध पंजीकरण और आवश्यक अनुमति के बगैर क्लिनिक संचालित करने वाले एक कथित डॉक्टर के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर पेल्हार पुलिस ने क्लीनिक पर छापेमारी कर मामला दर्ज किया है।
विभाग से मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लीनिक से बड़ी मात्रा में दवाइयां, इंजेक्शन तथा मेडिकल उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार 20 जून रविवार को आशा दवाखाना, इच्छापूर्ति चाल, पेल्हार पाडा,वार्ड क्रमांक-1, पेल्हार नालासोपारा पूर्व स्थित क्लीनिक पर छापेमारी की गई। इस दौरान जांच में पाया गया कि क्लीनिक संचालक डॉ. अखिलेश कुमार नन्हेलाल गुप्ता (35) बिना आवश्यक शासकीय अनुमति और वैध पंजीकरण के एलोपैथिक चिकित्सा सेवा प्रदान कर रहा है।
डॉ. वंदना प्रल्हाद वसईकर, वैद्यकीय अधिकारी वसई विरार शहर मनपा (प्राथमिक आरोग्य केंद्र,पेल्हार) की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।
छापे के दौरान पुलिस ने ब्लड प्रेशर मशीन, ग्लूकोमीटर,थर्मामीटर, स्टेथोस्कोप सहित विभिन्न चिकित्सा उपकरण तथा बड़ी संख्या में दवाइयां और इंजेक्शन बरामद किए। साथ ही कुछ शैक्षणिक दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
इस मामले में पेल्हार पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) तथा औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 की धारा 33, 33(बी) और 27 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपित द्वारा बिना वैधानिक अनुमति चिकित्सा व्यवसाय संचालित किए जाने और मरीजों को उपचार देने के आरोपों की जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पेल्हार पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Tiwari

