मनोरंजन के लिए देने होंगे अतिरिक्त पैसे
मुंबई, 13 सितंबर (हि.स.)। मायानगरी में सिनेमाघरों, नाट्यगृहों, सर्कस और मनोरंजन के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए वसूले जाने वाले मनोरंजन टैक्स में बढ़ोतरी की तैयारी मुंबई महानगरपालिका ने शुरू कर दी है। इस आशय का प्रस्ताव तैयार कर 22 सितंबर को होने वाली विधि समिति की बैठक में मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। समिति की मंजूरी के बाद प्रस्ताव राज्य सरकार के नगर विकास विभाग को भेजा जाएगा। राज्य सरकार की मंजूरी और राजपत्र में अधिसूचना जारी होने के बाद संशोधित दरों के अनुसार कर वसूली शुरू की जा सकेगी।
मुंबई मनपा के प्रस्ताव के अनुसार आधुनिक मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों के लिए प्रत्येक शो पर 400 रुपये मनोरंजन कर प्रस्तावित है। एसी सिनेमाघरों से प्रत्येक शो के लिए 200 रुपये और गैर-वातानुकूलित सिनेमाघरों से प्रत्येक शो के लिए 50 रुपये वसूले जाएंगे। वहीं, नाटक, जलसा, मनोरंजन के विभिन्न कार्यक्रम और तमाशा के लिए प्रत्येक शो पर 100 रुपये कर प्रस्तावित किया गया है। इसके अलावा सर्कस और आनंद मेले के लिए प्रतिदिन 100 रुपये व अन्य किसी भी मनोरंजन कार्यक्रम के लिए प्रत्येक शो पर 75 रुपये टैक्स निर्धारित करने का प्रस्ताव है। यदि कोई कार्यक्रम स्वतंत्र शो के रूप में नहीं होता है, तो प्रतिदिन 75 रुपये की दर से कर वसूला जाएगा।
मुंबई मनपा के अनुसार वर्ष 2026-27 के लिए तैयार प्रस्ताव में वर्तमान दरों में संशोधन का आधार वर्ष 2014-15 में निर्धारित कर दरों को बनाया गया है। साल 2026-27 में सिनेमाघरों की श्रेणी में बदलाव किए बिना मुंबई में प्रदर्शित होने वाली मराठी और गुजराती फिल्मों व रंगमंच पर प्रस्तुत मराठी तथा गुजराती नाटकों के लिए रंगभूमि कर अधिनियम के तहत पहले से दी जा रही छूट का भी उल्लेख प्रस्ताव में किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

