home page

सभी वॉर्ड कार्यालयों में बनेंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन

 | 

मुंबई, 28 मई (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका ने महानगर के सभी वॉर्ड कार्यालयों में इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का फैसला किया है। पेट्रोल-डीजल के संकट को देखते हुए आगामी दिनों में ईवी वाहनों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया जा रहा है। इसलिए मनपा के वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

मनपा अधिकारियों के अनुसार कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा और ईंधन पर बढ़ती निर्भरता को कम करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। हरित ऊर्जा आधारित नीतियों को अपनाना आवश्यक हो गया है। मुंबई मनपा अब अपने प्रशासनिक वाहनों और सुविधाओं को ग्रीन एनर्जी मॉडल की ओर ले जाने की योजना पर काम कर रही है। मनपा प्रशासन ने हाल ही में 22 वॉर्ड अधिकारियों के लिए पांच वर्षों की अवधि पर “वेट लीज” मॉडल के तहत महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन किराये पर लेने का प्रस्ताव स्थायी समिति के समक्ष रखा था। इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कई सदस्यों ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने पर बल दिया।

सभागृह नेता गणेश खणकर ने चर्चा के दौरान कहा कि मनपा को पर्यावरण संरक्षण के मामले में मिसाल कायम करनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रशासन इलेक्ट्रिक वाहनों के विकल्प के साथ नया प्रस्ताव तैयार करे। वॉर्ड अधिकारियों के लिए वाहन जरूरी हैं, क्योंकि वे प्रशासनिक कामकाज की निगरानी करते हैं। लेकिन ईवी वाहनों का विचार किया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार