एमपीएससी आंदोलन को लेकर रोहिनी खड़से और चित्रा वाघ में बढ़ा टकराव
मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पुणे में चल रहे एमपीएससी छात्रों के आंदोलन को लेकर एनसीपी (एससीपी) की नेता रोहिणी खड़से और भाजपा की महिला प्रदेश अध्य़क्ष चित्रा वाघ के बीच टकराव बढ़ गया है। रोहिणी ने छात्रों का दर्द समझने के लिए आदोलन स्थल पर आने की चुनौती दी है तो वहीं चित्रा ने पलटवार किया है कि जिनके घर शीशे के होते हैं, वे दूसरे के घरों पर पत्थर नहीं फेंकते।
एमपीएससी छात्रों के आंदोलन को लेकर राज्य की सियासत गरमाई हुई है। इस आंदोलन को लेकर एनसीपी (एससीपी) की नेता रोहिणी और भाजपा एमएलसी चित्रा के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई है। पुणे में प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए रोहिणी ने राज्य सरकार और चित्रा वाघ की आलोचना की। रोहिणी की आलोचना के बाद चित्रा वाघ ने पलटवार किया है।
चित्रा ने कहा कि एमपीएससी छात्रों के सामने सस्ती वाहवाही पाने के लिए दूसरी महिलाओं को नीचा दिखाने के बजाय उन्हें अपने पति के मामलों का जवाब देना चाहिए, जिसमें उनके पति का नाम रेव पार्टी में आया था। मुझ पर कीचड़ उछालने से पहले, अपना घर देखो। जब आपका घर शीशे का बना हो तो हम पर पत्थर फेंकने की गलती मत करना। उन्होंने चेतावनी दी कि हम किसी को छेड़ते नहीं और अगर कोई छेड़ेगा तो हम छोड़ेंगे नहीं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

