home page

मुंबई में 197 किलोमीटर फुटपाथ से हटाया गया कब्जा

 | 

मुंबई, 29 अगस्त (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका ने ‘पैदल यात्री पहले’ मुहिम चला रखी है. इस अभियान के पहले चरण में 200 में से 134 फुटपाथों पर कब्जा हटा दिया गया है। इस कार्रवाई में 197 किमी के फुटपाथ को बिना रुकावट वाला बनाया गया है। इस मुहिम में पिछले दो दिनों में भांडुप रेलवे स्टेशन (वेस्ट) इलाके में फुटपाथ पर बिना इजाज़त बनी 94 दुकानों के खिलाफ एक्शन लिया गया है।

बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशानुसार मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे के मार्गदर्शन में 'पैदल यात्री पहले' मुहिम चलाई जा रही है। ताकि फुटपाथ पर बिना इजाजत के हॉकर्स और कब्जों को तुरंत हटाया जा सके। पूरे बृहन्मुंबई में फुटपाथ को रुकावटों से मुक्त किया जा सके। मनपा आयुक्त भिडे ने एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर और असिस्टेंट कमिश्नर को 'पैदल यात्री पहले' कैंपेन को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही इस मुहिम के संबंध में हर वार्ड ऑफिस और उस विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की जा रही है।

भांडुप रेलवे स्टेशन जैसे इलाकों में फुटपाथ को रुकावटों से मुक्त बनाने पर जोर दिया गया है। पहले चरण में भांडुप इलाके के 14 फुटपाथों पर से कब्जा हटाया जाएगा। इन 14 फुटपाथों में से, लगभग 11 फुटपाथों पर से कब्ज़ा हटाने का काम शुरू हो गया है। इस कार्रवाई की वजह से भांडुप रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने और अंदर आने वाले यात्रियों के लिए फुटपाथ पर रास्ता साफ हो गया है। अब लोगों को भांडुप रेलवे स्टेशन इलाके से लाल बहादुर शास्त्री मार्ग की ओर बिना रुकावट वाला फुटपाथ मिलेगा। इस कार्रवाई के लिए 5 जेसीबी, 10 डंपर, 50 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी, 100 मज़दूर और 70 से ज्यादा पुलिस तैनात किए गए थे।

मुंबई मनपा प्रशासन ने हिदायत दी है कि फुटपाथों पर बिना इजाजत दुकानें, कंस्ट्रक्शन या कोई भी सामान रखकर रुकावट न डालें। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के पहले चरण में 200 फुटपाथों पर से कब्ज़ा हटाया जाएगा। इनमें से 134 फुटपाथों पर काम शुरू हो चुका है। लगभग 197 किलोमीटर के फुटपाथ को बिना रुकावट के बनाया गया है और 1459 जगहों पर कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार