home page

उद्धव ठाकरे सें मिले एकनाथ खड़से

 | 

मुंबई, 11 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेता एकनाथ खड़से की मुलाकात से सूबे की सियासत गरमाई हुई थी। अब खड़से ने शिवसेना (यूबीटी) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे से मिलकर राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। चर्चा है कि वे अपने राजनीतिक भविष्य के लिए उद्धव के साथ जा सकते हैं।

चार दशक से अधिक समय तक भाजपा में काम करने के बाद एकनाथ खडसे पार्टी छोड़कर एनसीपी में शामिल हो गए थे। उसके बाद भी समय-समय पर उनकी भाजपा में लौटने की बातें होती रहीं। हाल ही में विनोद तावड़े ने उनके घर जाकर उनसे मुलाकात की थी। इसके बाद उनके भाजपा में लौटने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था। अब खड़से ने उद्धव ठाकरे से उनके 'मातोश्री' घर पर मुलाकात की है। इससे राज्य की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। इस मुलाकात के दौरान यूबीटी के सांसद संजय राऊत भी मौजूद थे। अब खडसे के राजनीतिक भविष्य को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

उद्धव ठाकरे से मुलाकात के बाद एकनाथ खडसे ने बताया कि अगले महीने उनके समर्थक और कार्यकर्ता उनका अमृत महोत्सव जन्मदिन मनाएंगे। इस कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए वे उद्धव से मिले हैं। यह एक सदिच्छा भेंट थी। इसका किसी राजनीतिक उलटफेर या पार्टी में शामिल होने का अर्थ लगाना सही नहीं होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार