एसटी बसों के 10 प्रतिशत अतिरिक्त किराए की अवधि बढ़ी
मुंबई, 15 जून (हि.स.)। बढ़ती डीजल कीमतों और परिचालन खर्च के दबाव के बीच महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने अपने बसों के यात्री किराए में फिलहाल राहत न देने का फैसला किया है। साधारण बस सेवाओं पर लागू 10 प्रतिशत अतिरिक्त किराए की अवधि एक महीने के लिए बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त किराया की समय सीमा 15 जुलाई तक जारी रहेगी।
एसटी महामंडल के अनुसार गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और राजस्व में वृद्धि के उद्देश्य से 15 अप्रैल से साधारण बस सेवाओं के किराए में 10 प्रतिशत की अस्थायी बढ़ोतरी की गई थी। इस व्यवस्था की अवधि 15 जून को समाप्त होने वाली थी। इसे 15 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। आगामी समय में ईंधन की कीमतों और वित्तीय स्थिति की समीक्षा के बाद किराया संरचना पर आगे निर्णय लिया जाएगा। ईंधन लागत में लगातार वृद्धि और कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से आर्थिक बोझ बढ़ा है। इस वजह से महामंडल ने 10 प्रतिशत अतिरिक्त किराया जारी रखने का निर्णय लिया है।
अगले एक महीने तक बढ़े हुए किराए पर ही यात्रियों को सफर करना होगा। हालांकि साधारण और मिडी बस सेवाओं के मौजूदा किराया दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। महामंडल द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार साधारण और मिडी बस सेवाओं के लिए प्रति चरण किराया दर 11.05 रुपए ही बनी रहेगी। वहीं न्यूनतम यात्रा किराया वयस्क यात्रियों के लिए 14 रुपए और बच्चों के लिए 7 रुपए यथावत रहेगा। महामंडल ने इस संबंध में सभी विभाग नियंत्रकों, क्षेत्रीय प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

