एकनाथ खड़से के फार्म हाउस की ड्रोन से रेकी
मुंबई. 04 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेता एकनाथ खड़से के जलगांव स्थित फार्म हाउस की ड्रोन के जरिए संदिग्ध रेकी का आरोप लगा है। खड़से ने अपने खिलाफ बहुत बड़ी साजिश का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और इस मामले की विशेष जांच की मांग की है।
खड़से का आरोप है कि 28 सितंबर की रात 8 से 8:15 बजे के दौरान उनके फार्म हाउस के ऊपर एक संदिग्ध ड्रोन उड़ रहा था। वहां मौजूद वॉचमैन ने इस ड्रोन का वीडियो भी बनाया है। यह मामला स्थानीय पुलिस के अधिकार क्षेत्र से बाहर का है, इसलिए इसकी विशेष जांच होनी चाहिए। खड़से ने इसे खुद को प्रताड़ित करने का प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले रश्मि शुक्ला द्वारा 65 दिनों तक उनका फोन टैप किया गया था। उनके घर में चोरी भी हो चुकी है। उन्होंने पुलिस से इस पूरी साजिश की उच्च स्तरीय जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

