महाराष्ट्र में आसानी से प्रैक्टिस कर सकेंगे दूसरे राज्यों के डॉक्टर
मुंबई, 14 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र में अब दूसरे राज्यों के डॉक्टर भी आसानी से प्रैक्टिस कर सकेंगे। महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल ने एनओसी की लंबी और जटिल प्रक्रिया समाप्त कर पंजीयन प्रक्रिया को सरल बना दिया है। नई व्यवस्था के तहत अब काउंसिल खुद संबंधित राज्यों से संपर्क कर आवश्यक सत्यापन करेगी। इससे डॉक्टरों का समय बचेगा और पंजीयन प्रक्रिया भी पारदर्शी और सुविधाजनक हो जाएगी।
महाराष्ट्र में पंजीकरण कराने के लिए डॉक्टरों को अपने मूल राज्य की मेडिकल काउंसिल से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेकर जमा करना पड़ता था। इस प्रक्रिया में कई बार समय और अतिरिक्त औपचारिकताएं बाधा बनती थीं। नई व्यवस्था के तहत इच्छुक डॉक्टरों को केवल आवेदन पत्र, आवश्यक दस्तावेज और स्व-घोषणा पत्र जमा करना होगा। इसके बाद महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल संबंधित राज्य की मेडिकल काउंसिल से सीधे संपर्क कर सत्यापन और एनओसी से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करेगी।
काउंसिल के प्रशासक अधिकारी डॉ. विंकी रुघवानी के अनुसार इससे कागजी कार्रवाई और प्रशासनिक बोझ में कमी आएगी। मरीजों की सुरक्षा और पंजीकरण प्रणाली की विश्वसनीयता भी बरकरार रहेगी। दूसरे राज्यों के डॉक्टरों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

