विरार में वीवीएमपीएस के दीपावली स्नेह मिलन में पत्रकार हितों के लिए एकजुट रहने का संकल्प
मुंबई, 30 अक्टूबर, (हि. स.)। विरार पूर्व स्थित केंद्रीय कार्यालय में शुक्रवार को वसई विरार महानगरपालिका पत्रकार संघटना (वीवीएमपीएस) का दीपावली स्नेह मिलन समारोह मनाया गया। समारोह में 50 से अधिक पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। सभी ने पत्रकार हितों के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया। समारोह का खास आकर्षण दूसरे टर्म में 15 पत्रकारों को दिया गया कुल 1 करोड़ 50 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा कवर रहा। पत्रकारों की सुरक्षा और उनके परिवारों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए संघटना की ओर से लगातार पहल की जा रही है। इससे पहले विवांता होटल में आयोजित कार्यक्रम में पहले टर्म के तहत पत्रकारों को कुल 4 करोड़ रुपए का दुर्घटना बीमा कवर दिया गया था। अब दूसरे टर्म में 15 सदस्यों को 1.50 करोड़ रुपए का बीमा दिया गया है। संगठन की यह पहल पत्रकारों के सामाजिक सुरक्षा कवच को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।संगठन के अध्यक्ष विजय गायकवाड ने कहा कि पांच महीने पहले महज 11 सदस्यों के साथ शुरू हुई संगठन की यात्रा अब 50 से अधिक सदस्यों तक पहुंच चुकी है। संगठन का उद्देश्य केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि पत्रकारों के हक, सम्मान और हितों के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाना है। पत्रकारिता के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों में संगठन अपने साथियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। समारोह में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को संगठन की ओर से संगठन का बैग और दीपावली की मिठाई भेंट की गई। कार्यक्रम के बाद सामूहिक भोजन का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, मनीष म्हात्रे, सचिव मंगेश कराले, मनोज तांबे, कोषाध्यक्ष राधेश्याम सिंह, गोपाल गुप्ता, कैलाश रांगणेकर, सचिन दीक्षित, संदीप गायकवाड, सलाहगार लक्ष्मण पटोले, अदिति सिंह, कीर्ति केसरकर सहित 50 से अधिक पत्रकार उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

