एनसीपी में नाराजगी, सिद्धार्थ कांबले ने दिया इस्तीफा
मुंबई, 29 अक्टूबर (हि.स.)। विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव के बाद एनसीपी (एपी) में नाराज़गी सामने आई है। जीशान सिद्दीकी को पार्टी का मुंबई अध्यक्ष बनाए जाने से नाराज होकर मुंबई कार्य़ाध्यक्ष सिद्धार्थ कांबले ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
चर्चा है कि पार्थ पवार की पहल पर जीशान सिद्दीकी को मुंबई का पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पार्टी के कुछ पदाधिकारी नाखुश हैं। कांबले ने कहा कि पार्टी के कुछ नेता जल्द ही इस मामले को लेकर पार्टी नेतृत्व से मिलेंगे। दिवंगत अजित पवार के साथ अपने 27 साल के राजनीतिक सफ़र का ज़िक्र करते हुए कांबले ने कहा है कि 'दादा का साथ छूट गया, लेकिन विचारधारा अभी भी जिंदा है। पद छोड़ने के बाद भी वफादारी का दीया अब भी बिना रुके जल रहा है।
कांबले के अनुसार पार्टी स्थापना के बाद से उन्हें अजित पवार के मार्गदर्शन में काम करने का मौका मिला। दलित चेहरा और सहकारिता क्षेत्र में काम देखकर दादा ने उन्हें समय-समय पर हिम्मत दी। अजित पवार के निधन के बाद पार्टी में बचपना सा आ गया है। सुनेत्रा पवार पार्टी की कमान संभाल रही हैं और उन्हें प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे व राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल का समर्थन मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

