रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट को लेकर सत्तापक्ष महायुति में उपजा विवाद सुलझा
मुंबई, 02 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद की रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट को लेकर सत्तापक्ष महायुति में उपजा विवाद थमता नजर आ रहा है। शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक महेंद्र दलवी की बेटी जुली दलवी अपना नामांकन वापस लेंगी। इससे एनसीपी(एपी) के अधिकृत उम्मीदवार अनिकेत तटकरे का रास्ता साफ हो जाएगा।
महायुति में हुए सीट बंटवारे में यह सीट एनसीपी (एपी) के हिस्से गई है। इस सीट पर शिवसेना (शिंदे गुट) ने दावेदारी ठोंकी थी। एनसीपी सांसद सुनील तटकरे के बेटे अनिकेत तटकरे ने इस सीट से नामांकन भरा है, लेकिन उनके विरोध में शिवसेना(शिंदे गुट) के विधायक महेंद्र दलवी की बेटी जुली दलवी ने पर्चा दाखिल किया है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सुझाव के बाद यह विवाद सुलझने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार उद्योग मंत्री उदय सामंत की अध्यक्षता में मुंबई में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इस बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को गठबंधऩ धर्म का पालन करने का निर्देश दिया गया। फैसला किया गया है कि जुली दलवी अपना नामांकन वापस लेंगी। इस सीट पर महाविकास आघाड़ी के शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार सुरेंद्रनाथ उर्फ बाल माने से अनिकेत तटकरे का सीधा मुकाबला होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

