home page

सायन अस्पताल में डिजिटल पेमेंट की सुविधा शुरू

 | 

मुंबई, 08 सितंबर (हि.स.)। सायन के लोकमान्य तिलक जनरल हॉस्पिटल में मरीजों व उनके परिजनों के लिए पंजीकरण के लिए 'हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम' (एचएमआईएस ) का पायलट इम्प्लीमेंटेशन शुरू हो गया है। पहले चरण में आउटपेशेंट का रजिस्ट्रेशन और फीस पेमेंट की सुविधाएं दी गई हैं। मुंबई मनपा की अतिरिक्त आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा - लवंगारे ने मंगलवार को पायलट प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया।

अतिरिक्त आयुक्त ने सुझाव दिया कि पहले चरण में मरीज़ों और रिश्तेदारों के लिए 'एचएमआईएस' सिस्टम का इस्तेमाल आसान हो, इसके लिए उपाय किए जाने चाहिए। दूसरे चरण में, मरीजों की मेडिकल डिटेल्स रिकॉर्ड करने के लिए 'टेक्स्ट टू स्पीच' जैसी अत्याधुनिक एआई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इससे मरीजों और डॉक्टरों का समय बचेगा और डॉक्टरों का काम भी आसान हो जाएगा।

सायन अस्पताल में ओपीडी में आने वाले मरीजों को कंप्यूटर के ज़रिए पंजीकृत करने की सुविधा दी गई है. यहा हर दिन 15 हज़ार मरीजों का पंजीकरण किया जाता है. इन मरीज़ों की मेडिकल जानकारी रिकॉर्ड की जाएगी और रजिस्ट्रेशन का पहला चरण पूरा किया जाएगा। इससे मरीजों की पंजीकरण प्रक्रिया में वेटिंग समय कम करने में मदद मिलेगी। आउटपेशेंट सेवाओं के लिए जरूरी रजिस्ट्रेशन फ़ीस को 'मोबाइल यूपीआई पेमेंट' के ज़रिए पेमेंट करने की सुविधा भी इसी विंडो पर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार