home page

सायन अस्पताल में जल्द डिजिटल भुगतान की सुविधा

 | 

मुंबई, 08 अगस्त (हि.स.)। मुंबई के सायन स्थित लोकमान्य तिलक अस्पताल में विभिन्न चिकित्सा सेवाओं के लिए डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अस्पताल में भुगतान प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पीओएस मशीनें लगाने के साथ डिजिटल भुगतान के लिए अलग खिड़की भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल सकेगी।

अतिरिक्त मनपा आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा लवंगारे ने अस्पताल का दौरा कर क्षमता विस्तार परियोजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने आपातकालीन विभाग, विभिन्न वार्डों, एमआईसीयू और सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष सहित अस्पताल के कई हिस्सों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुविधा और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई निर्देश दिए। अस्पताल में एक्स-रे, एमआरआई, बाह्य रोगी विभाग के केस पेपर और अन्य चिकित्सा सेवाओं के लिए मरीजों और उनके परिजनों को भुगतान करना पड़ता है। फिलहाल कई जगहों पर नकद भुगतान की आवश्यकता होती है। डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू होने से मरीजों को नकदी लेकर चलने की जरूरत कम होगी। अलग डिजिटल भुगतान खिड़की बनाए जाने से भुगतान के लिए लगने वाली कतार को भी कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा

अस्पताल में हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

लवंगारे ने अस्पताल में मनपा मुख्यालय की तर्ज पर कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा है। अस्पताल परिसर में नागरिकों के लिए बाधामुक्त फुटपाथ उपलब्ध कराने और नियंत्रण कक्ष में नियमित रूप से कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। चूहों और आवारा कुत्तों को रोकने के लिए आवश्यक उपाय करने को भी कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार