धारावी के पुनर्विकास को लेकर 28 दिसंबर को आंदोलन करेंगे स्थानीय लोग
मुंबई, 26 नवंबर (हि.स.)। एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी मुंबई स्थित धारावी के पुनर्विकास परियोजना को लेकर फिर एक बार संघर्ष तेज होता दिखाई दे रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बड़े घरों की मांग को लेकर 28 दिसंबर को विशाल मोर्चा निकालने का एलान किया गया है।
राज्य सरकार ने यह परियोजना अदाणी कंपनी को सौंपी है, लेकिन धारावी पुनर्विकास परियोजना के तहत अपने आशियाने के हक को लेकर स्थानीय निवासियों की लड़ाई तेज हो गई है। प्रत्येक झोपड़ीधारक को धारावी में ही 500 वर्ग फुट और वर्तमान इमारतों में रहने वाले निवासियों को 750 वर्ग फुट का घर देने की मांग की गई है। कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं का भी उन्हें खुला समर्थन मिला है। स्थानीय लोग घरों के 300 वर्ग फुट के क्षेत्र और पुनर्वास की शर्तों से नाखुश हैं।
शिवसेना (यूबीटी) के नेता अनिल देसाई ने कहा कि पार्टी के सभी सांसद और विधायक इस आंदोलन में हिस्सा लेंगे। रीडेवलपमेंट के नाम पर धारावी के लोगों के हकों का हनन नहीं होना चाहिए। यह मोर्चा बिस्मिल्ला चौक और कुंभारवाडा नाका से शुरू होकर निसर्ग उद्यान के सामने स्थित अदानी एक्सपीरियंस सेंटर तक जाएगा।
धारावी पुनर्विकास परियोजना के तहत अब तक करीब 1.20 लाख झोपड़ों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। वर्ष 1995 के मानदंडों के अनुसार यहां 57 हजार झोपड़े पात्र थे। नई योजना में किसी भी निवासी को बेघर नहीं किया जाएगा। पात्र लोगों को धारावी के भीतर ही घर मिलेंगे, जबकि अपात्र या बाद के दस्तावेजों वाले परिवारों को वडाला, कुर्ला की अमूल एवं मदर डेयरी, भांडुप, मुलुंड और मालवणी में बसाने का निर्णय है।
पुनर्विकास के तहत करीब 12 से 15 लाख की आबादी वाले इस क्षेत्र के पारंपरिक उद्योगों जैसे चमड़ा, गारमेंट, मिट्टी के बर्तन और फरसाण-चिक्की व्यवसायियों के लिए धारावी के भीतर ही अलग-अलग औद्योगिक सेगमेंट बनाए जाएंगे, ताकि उन्हें कच्चा माल और बाजार एक ही जगह उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त काला किला और धारावी बस डिपो का विकास भी किया जाएगा, जहां नीचे डिपो और ऊपर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स होगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

