home page

डीजीएस डेवलपर्स को मुबई मनपा की नोटिस

 | 

मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.)। बढ़ते वायु प्रदूषण को गंभीरता से लेते हुए मुंबई महानगरपालिका ने निर्माण स्थलों पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मनपा ने कार्रवाई की है। अंधेरी पश्चिम के ओशिवारा स्थित अपना घर कॉम्प्लेक्स के पास निर्माण कार्य कर रही डीजीएस ग्रुप को वायु प्रदूषण गाइडलाइन के उल्लंघन मामले में कारण बताओ नोटिस जारी कर 35 हजार का जुर्माना लगाया गया है।

नोटिस में तत्काल प्रभाव से काम रोकने का आदेश दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर बिना पूर्व सूचना के कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। इसके अलावा मनपा ने ओशिवारा पुलिस स्टेशन को पत्र लिखकर निर्माण स्थल से मजदूरों और अन्य कर्मचारियों को हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। यह कार्रवाई के/पश्चिम मनपा विभाग ने की है। जांच में पाया गया कि निर्माण स्थलों पर धूल फैलने से रोकने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। निर्माण क्षेत्र को ढंकने के लिए हरी त्रिपाल, जूट की चादरों और ग्रीन क्लॉथ का निर्धारित मानकों के अनुसार इस्तेमाल नहीं हो रहा था। इतना ही नहीं, मिट्टी, निर्माण सामग्री और मलबा भी खुले में पड़ा था। कुछ सामग्री रास्तों और फुटपाथों तक फैली हुई थी। इससे राहगीरों को परेशानी होने के साथ धूल फैलने का खतरा भी बढ़ रहा था।

मनपा अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कंक्रीट और प्लास्टर का मिश्रण खुले में तैयार किया जा रहा था। कटाई, घिसाई और ड्रिलिंग जैसे धूल पैदा करने वाले काम बिना किसी घेराबंदी के किए जा रहे थे। निर्माण स्थल से बाहर निकलने वाले वाहनों के पहियए साफ करने की व्यवस्था भी नहीं थी। इससे सड़कों पर मिट्टी और धूल फैलने की आशंका थी। मुंबई मनपा के अनुसार निर्माण स्थलों पर ये लापरवाहियां बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों और वायु प्रदूषण रोकने के लिए जारी प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के विपरीत हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार