home page

नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है: स्नेहा दुबे-पंडित

 | 
नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है: स्नेहा दुबे-पंडित


-वसई में सड़क मजबूतीकरण एवं आर.सी.सी. पाइप गटर निर्माण कार्य का शुभारंभ

मुंबई, 12 अप्रैल, (हि. स.)। वसई-विरार शहर महानगरपालिका के प्रभाग समिति ‘जी’ के अंतर्गत आने वाले भोयदापाडा-राजावली-नायगाव पूर्व (वामन ढाबा तक) मार्ग की स्थिति अत्यंत जर्जर हो गई थी। इस महत्वपूर्ण मार्ग के सुदृढ़ीकरण और सड़क के किनारे आर.सी.सी. पाइप गटर निर्माण की मांग करते हुए वसई की विधायक स्नेहा दुबे-पंडित ने मनपा से लगातार इसका संज्ञान लिया था। तदनुसार, मनपा ने इस सड़क और गटर निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इसकी निविदा नवंबर 2025 में प्रकाशित की थी। हालांकि, प्रशासनिक प्रक्रिया जारी रहने के दौरान ही मनपा चुनावों की घोषणा हो गई, जिसके कारण चुनाव आचार संहिता लागू होने से यह काम रुक गया था। अब आचार संहिता समाप्त होने के बाद प्रशासन ने सभी आवश्यक कार्यवाही पूरी कर इस कार्य के कार्यादेश जारी कर दिए हैं।

इसी क्रम में 12 अप्रैल 2026 को विधायक स्नेहा दुबे-पंडित ने सड़क और गटर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक स्नेहा-दुबे पंडित ने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सड़कें, सक्षम जल निकासी व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। हम नायगांव (पूर्व) क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। आने वाले समय में भी ऐसे विभिन्न विकास कार्यों के माध्यम से हम नागरिकों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस दौरान उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र के सर्वांगीण, टिकाऊ और योजनाबद्ध विकास के लिए भविष्य में भी विभिन्न परियोजनाएं लागू की जाएंगी।

शुभारंभ हुए कार्य के अंतर्गत इस मार्ग का सुदृढ़ीकरण, डामरीकरण/कंक्रीटीकरण और आधुनिक पद्धति से आर.सी.सी. पाइप गटर का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य से क्षेत्र के नागरिकों को सुरक्षित, सुसज्जित और सुलभ यातायात की सुविधा उपलब्ध होगी। इस मार्ग में आर.सी.सी. पाइप गटर के निर्माण से गंदे पानी और बारिश के पानी की सही निकासी होगी, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहेगी। इससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर होने वाले दुष्प्रभावों को रोकने में मदद मिलेगी और एक स्वच्छ व स्वस्थ परिवेश के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। इन विकास कार्यों से भोयदापाड़ा, राजावली और नायगाव (पूर्व) क्षेत्र के हजारों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और स्थानीय लोगों के दैनिक जीवन स्तर में सुधार होगा। इससे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी और भविष्य की अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए भी एक मजबूत आधार तैयार होगा।

शुभारंभ के अवसर पर बोईसर विधानसभा के विधायक विलास तरे के साथ ही प्रवीण गावडे, धर्मेंद्र कुलकर्णी, धनंजय मोहिते, राजू पाटील, दिवाकर सिंह, हर्षला गावडे, धर्मेंद्र मिश्रा, प्रमोद तिवारी, संदीप पाटील, महेश शुक्ला, शिवपूजन गुप्ता, जिग्नेश म्हात्रे, मयंक शेठ, निपुण दोशी, अक्षय कदम, मयुरिका बेन पांचाळ, काजल पाटील, कविता म्हात्रे, पवन चौधरी, बबली सिंह, धनंजय पाटील, पंकज गावडे, एकनाथ पाटील, प्रभाकर म्हात्रे, कैलास म्हात्रे, केसरीनाथ म्हात्रे, हर्ष म्हात्रे, अभिषेक कुमार, अभिजीत जैन सहित पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानिक नागरिक उपस्थित थे। नागरिकों ने इन विकास कार्यों का स्वागत करते हुए प्रशासन की इस सकारात्मक पहल पर संतोष व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी तरह के विकास कार्यों की अपेक्षा जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार