home page

14 फीट से ऊंची झोपड़ियों पर तोड़क कार्रवाई रोकने की मांग

 | 

मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 14 फीट से अधिक ऊंचाई वाली झोपड़ियों के खिलाफ बीएमसी की ओर से शुरू की गई विशेष तोड़क मुहिम का विरोध शुरू हो गया है। इस कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग उठने लगी है। नगरसेवक विठ्ठल लोकरे ने मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े को पत्र लिखकर इस कार्रवाई पर रोक लगाने की अपील की है।

बीएमसी ने 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 के बीच 14 फीट से अधिक ऊंचाई वाली झोपड़ियों पर कार्रवाई की विशेष मुहिम घोषित की है। नगरसेवक लोकरे के अनुसार इस अभियान से मुंबई के हजारों आर्थिक रूप से कमजोर और श्रमिक परिवारों के प्रभावित होने तथा बेघर होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए बिना पूर्व पुनर्वास के झोपड़ियों पर सीधे तोड़क कार्रवाई करना उचित नहीं होगा। उन्होंने मनपा आयुक्त को लिखे पत्र में मांग की है कि 1 अक्टूबर से शुरू की गई कार्रवाई तत्काल रोकी जाए।

लोकरे ने मांग की है कि प्रभावित लोगों का उचित पुनर्वास सुनिश्चित किए बिना कोई जबरन कार्रवाई न की जाए। उन्होंने आयुक्त से इस संवेदनशील मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित निर्णय लेने का अनुरोध किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार