ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की आपत्तियां दर्ज करने की अवधि बढ़ाने की मांग
कांग्रेस ने लिखा राज्य चुनाव आयोग को पत्र
मुंबई, 25 नवंबर (हि.स.)। राज्य की महानगरपालिकाओं के लिए तैयार की गई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के लिए आपत्तियां व सुझाव दर्ज कराने की तारीख बढ़ाने की मांग की गई है। कांग्रेस पार्टी ने इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर 15 दिन अवधि बढ़ाने की मांग की है।
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के अनुसार मनपा चुनावों के लिए ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 20 नवंबर 2025 को जारी की गई है। इस लिस्ट पर आपत्तियां व सुझाव दर्ज कराने के लिए 27 नवंबर 2025 तक की अवधि निर्धारित की गई है। कई महानगरपालिकाओं में प्रारूप मतदाता सूचियों पर आपत्तियां और सुझाव दर्ज करने के लिए समय बढ़ाने की आवश्यकता है। केवल 7 दिनों की अवधि अत्यंत कम है, इसे 15 दिनों से बढ़ाया जाए। सपकाल, कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार और विधान परिषद में कांग्रेस के समूह नेता सतेज उर्फ बंटी पाटिल ने इस संबंध में राज्य चुनाव आयोग को पत्र भेजा है।
पत्र में लिखा गया है कि कई मनपाओं में प्रारूप मतदाता सूचियों को प्रभागवार सही तरीके से विभाजित नहीं किया गया है। कई मतदाताओं के नाम उनके निवास वाले क्षेत्रों से हटकर अन्य क्षेत्रों में चले गए हैं। यह संख्या काफी बड़ी है। आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया भी अत्यंत जटिल है। हर व्यक्ति को निर्धारित नमूने में आवेदन देना होता है। उसके साथ आधार कार्ड संलग्न करना होता है। यह प्रक्रिया जटिल और समय लेने वाली है। किसी भी व्यक्ति या राजनीतिक दल द्वारा यदि सक्षम चुनाव अधिकारी के संज्ञान में उपयुक्त आपत्ति या सुझाव लाया जाता है, तो कई व्यक्तियों से संबंधित शिकायत स्वीकार की जानी चाहिए। लेकिन वर्तमान में ऐसा होता दिखाई नहीं देता। वोटर लिस्ट में स्पष्टता और पारदर्शिता लाने के लिए राजनीतिक दलों और प्रत्येक नागरिक की शिकायतों का पंजीकरण जरूरी है। प्रभागों में नागरिक संख्या भी काफी अधिक है, इसलिए मतदाता सूचियों की जांच में समय लगेगा। इसलिए समय बढ़ाया जाना आवश्यक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

