home page

सूखा प्रभावित किसानों की मदद के लिए 13वीं वसई-विरार महापौर मैराथन रद्द करने की मांग

 | 
सूखा प्रभावित किसानों की मदद के लिए 13वीं वसई-विरार महापौर मैराथन रद्द करने की मांग


मुंबई, 17 अक्टूबर, (हि. स.)। वर्तमान में महाराष्ट्र में अत्यंत गंभीर सूखे की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कम वर्षा के कारण किसानों की खड़ी फसल पानी की कमी से खेतों में ही जल गई है। सरकार ने राज्य के 305 तालुकों में सूखा घोषित किया है। ऐसी स्थिति में राज्य के तथा विशेष रूप से वसई तालुके के किसान वर्ग को आर्थिक सहायता की नितांत आवश्यकता है। किसान आज हताश हो चुका है और सरकार तथा समाज की मदद की ओर उम्मीद लगाए बैठा है।इस पृष्ठभूमि पर वसई-विरार शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से वसई-विरार शहर मनपा आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर इस वर्ष प्रस्तावित 13वीं वसई-विरार महापौर मैराथन-2026 प्रतियोगिता रद्द करने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि इस मैराथन पर होने वाले करोड़ों रुपए के खर्च को बचाकर वह पूरी राशि सूखाग्रस्त किसान भाइयों को आर्थिक सहायता के रूप में वितरित की जाए। यह एक संवेदनशील और मानवतावादी निर्णय साबित होगा तथा वसई-विरार महानगरपालिका का आदर्श पूरे राज्य के सामने जाएगा। यह ज्ञापन आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने स्वीकार कर लिया है। इस समय उनके साथ अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत उपस्थित थे।ज्ञापन सौंपते समय कांग्रेस पार्टी के शिष्टमंडल में जिलाध्यक्ष कैप्टन निलेश पेंढारी, वरिष्ठ नेता ओनील अल्मेडा, प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश कांबले, कार्याध्यक्ष रतन तिवारी, उपाध्यक्ष बाबा पाटील, ब्लॉक अध्यक्ष वेल्फ्रेड डिसोजा, ब्लॉक अध्यक्ष भीमराव पेठकर, सुनील कुमार यादव सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार