home page

रूपाली चाकणकर के इस्तीफे की मांग

 | 

मुंबई,19 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक में रेप के गंभीर आरोपों में तथाकथित न्यूमेरोलॉजिस्ट कैप्टन अशोक खरात की गिरफ्तारी के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर को लेकर कई नेताओं ने आलोचना की है और उनके इस्ताफे की मांग की है।

एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने कहा है कि जो ज्योतिषी अपना भविष्य नहीं जानता, वह दूसरों को कैसे गाइड कर सकता है? नासिक के इस तथाकथित पॉलिटिकल ज्योतिषी अशोक खरात पर गंभीर आरोप हैं और यह मामला बहुत गंभीर है। इस ज्योतिषी के पॉलिटिकल क्लाइंट्स के नाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि महाराष्ट्र अब यह सवाल पूछ रहा है कि क्या अजित की पार्टी की प्रोग्रेसिव पहचान उनके साथ खत्म हो गई। अब जब वीडियो सामने आ रहे हैं, तो सिर्फ़ वही जानते हैं कि इस नकली ज्योतिषी ने नेताओं को क्या 'मंत्र' दिया था।

शिवसेना (यूबीटी) के नेता अखिल चित्रे ने कहा है कि महिलाओं पर अत्याचार करने वालों का समर्थन करने वालों को पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। एनसीपी की नेता रूपाली पाटिल ठोंबरे ने चेतावनी दी कि “अगर चाकणकर तुरंत इस्तीफा नहीं देती हैं, तो पूरे राज्य में आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मामले में संबंधित ट्रस्ट के खिलाफ केस दर्ज किया जाना चाहिए। विधायक अमोल मिटकरी ने दावा किया है कि इस मामले के तार वीएसआर कंपनी से जुड़ सकते हैं। वीएसआर कंपनी के प्लेन क्रैश में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हुआ था। विमान के पायलट के साथ अशोक खरात की तस्वीरें वायरल हुई हैं।, इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए।

अशोक खरात को लेकर हंगामा मचा हुआ है। उन पर धार्मिक आस्था और दैवीय शक्ति की आड़ में महिलाओं का भरोसा जीतकर उनके साथ गलत व्यवहार करने का आरोप है। क्राइम ब्रांच की यूनिट 1 ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट ने उन्हें 24 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। बताया जा रहा है कि तलाशी के दौरान उनके ऑफिस से जब्त पेन ड्राइव में 58 संदिग्ध वीडियो मिले हैं। उनकी बेनामी संपत्तियों के मामले भी सामने आ रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार