home page

संजय राऊत के खिलाफ कार्रवाई की मांग

 | 

मुंबई, 25 जून (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की नेतृत्ववाली शिवसेना की महिला इकाई की नेताओं ने गुरुवार को मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती से मुलाकात कर ठाकरे सेना के सांसद संजय राऊत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। महिला नेताओं ने आरोप लगाया कि राऊत के कथित दुर्व्यवहार, भड़काऊ बयान और महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा से महाराष्ट्र की संस्कृति का अपमान हो रहा है।

महिला सेना के पदाधिकारियों ने पुलिस आयुक्त देवेन भारती से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने भारतीय न्यायिक संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत राऊत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पार्टी की उपनेता शीतल म्हात्रे ने कहा कि राजनीतिक विरोधियों की आलोचना करते हुए राऊत ने सभ्यता की सीमाएं लांघ दी हैं। उन्होंने महिलाओं और जन प्रतिनिधियों का अपमान किया है।

इस दौरान राऊत द्वारा सोशल मीडिया पर हथियार के साथ पोस्ट की गई तस्वीर की भी जांच करने की मांग की गई। महिला नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। शायना एनसी ने कहा कि महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार