नेशनल पार्क के ‘बिट्टू’ तेंदुए की मौत
मुंबई, 22 मार्च (हि.स.)। मुंबई के बोरिवली स्थित संजय गांधी नेशनल पार्क में लगभग 6 वर्ष के नर तेंदुए ‘बिट्टू’ की मौत हो गई है। वह लंबे समय से बीमार चल रहा था। नेशनल पार्क के वेटनरी डॉक्टरों व कर्मचारियों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
शावक बिट्टू को 4 दिसंबर 2019 को ठाणे वन विभाग के येऊर क्षेत्र से बचाया गया था। उसका पालन-पोषण और देखभाल उद्यान के पशु चिकित्सकों और कर्मचारियों की निगरानी में किया गया। पिछले कुछ महीनों से उसमें बीमारी के लक्षण दिखाई दे रहे थे और उसका ईलाज किया जा रहा था। लेकिन उसकी सेहत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। सोनोग्राफी में पाया गया कि वह पॉलीसिस्टिक किडनी डिजीज नामक बीमारी से पीड़ित था। इसके बाद उसके शरीर में आंतरिक गंभीर जटिलताएं उत्पन्न हो गईं और उसकी मृत्यु हो गई।
वेटनरी डॉक्टरों की टीम द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम में किडनी में सिस्ट पाए गए. प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला कि किडनी की समस्या के कारण कई अंगों के फेल होने की संभावना थी। नेशनल पार्क के उपनिदेशक के अनुसार सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया गया है और जैविक नमूनों को आगे की हिस्टोपैथोलॉजिकल और पुष्टि जांच के लिए मुंबई पशु चिकित्सा महाविद्यालय, परेल भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

