डीपीसी निधि पर सांसदों और विधायकों को हक नहीं जताना चाहिए: पाटिल
कोल्हापुर, 24 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस नेता और विधान परिषद सदस्य सतेज पाटिल ने जिला नियोजन समिति (डीपीसी) के निधि आवंटन पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस निधि पर सांसदों और विधायकों को हक नहीं जताना चाहिए बल्कि स्थानीय
जिला परिषद के सदस्यों का अधिकार होना चाहिए।
पाटिल ने कोल्हापुर में डीपीसी निधि के सम्बन्ध में मंगलवार को संवाददाताओं से
बात करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि चूंकि डीपीसी का कार्यक्षेत्र जिले के स्थानीय नियोजन से जुड़ा होता है, इसलिए इसके नियोजन का अधिकार जिला परिषद सदस्यों के पास ही होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनहित के बजाय ठेकेदारों को प्राथमिकता दे रही है और यदि सारे फैसले राज्य स्तर से ही लिए जाने हैं, तो डीपीसी को रद्द कर देना चाहिए।
उन्होंने राज्य की महायुती सरकार पर आरोप लगाया कि निधी का वितरण करते समय सत्ताधारियों द्वारा भेदभाव किया जा रहा है सत्ता पक्ष चाहती है कि सब कुछ उनके ही नियंत्रण में रहे। कोल्हापुर जिला परिषद के विपक्ष के 17 सदस्यों के साथ-साथ सत्ताधारी गुट के 30 लोगों ने भी इस प्रस्ताव के विरोध में हस्ताक्षर किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी

