ओमराजे पर डीसीएम शिंदे बोले, जल्द मिलेगी ब्रेकिंग न्यूज
मुंबई, 21 जून (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों की बगावत के बीच धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर की भूमिका को लेकर राज्य की सियासत गरमाई हुई है. हालांकि इस पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि थोड़ा रूक जाइए ब्रेकिंग न्यूज जल्द मिलेगी।
पवनराजे निंबालकर हत्या मामले का फैसला आने के बाद, ओमराजे ने साफ कर दिया था कि वह कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के बाद ही शिंदे गुट में शामिल होने का फैसला लेंगे। इस बीच उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनके पार्टी प्रवेश को लेकर तीखा बयान देकर राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। रविवार को मीडियो को संबोधित करते हुए शिंदे ने कहा कि पवनराजे निंबालकर केस में फैसले की वजह से ओमराजे का परिवार भावनाओं में डूबा हुआ है। ऐसे समय में उन पर इल्ज़ाम लगाना ठीक नहीं है। जब वह ठाकरे गुट में थे, तो उन्हें ज़मीनी कार्यकर्ता कहा जाता था, लेकिन अब उनकी बुराई हो रही है। शिंदे ने ठाकरे गुट पर निशाना साधते हुए कहा कि सुबह आरोप लगाना और रात में चुपके से जाकर सांसदों का पैर पकड़ना कौन सी राजनीति है। ऑपरेशन टाइगर की ओर इशारा करते हुए शिंदे ने कहा कि हम कोई भी ऑपरेशन आधा-अधूरा नहीं करते। थोड़ा इंतजार कीजिए, ब्रेकिंग न्यूज जल्द मिलेगी।
मानसून सत्र की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'ऑपरेशन टाइगर' पर अपना पहली मिलीजुली प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने इशारा करते हुए कहा कि ऑपरेशन टाइगर सफल रहा है। हालांकि उन्होंने तुरंत पूरे मामले से खुद को अलग कर लिया। उन्होंने कहा कि यह दोनों पार्टियों के बीच का अंदरूनी मामला है। 'ऑपरेशन टाइगर' के पीछे के मास्टरमाइंड के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कौन किसके साथ जाएगा, कौन सा राजनीतिक रास्ता चुनना है, यह उनका निजी और पार्टी का फैसला है। इन घटनाक्रमों से हमारा कोई सीधा संबंध नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

