बहु उत्पीड़न मामले में दमानिया ने मांगा विनायक राऊत से जवाब
मुंबई, 12 जुलाई (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के पूर्व सांसद विनायक राऊत और उनके परिवार के खिलाफ दर्ज केस के बाद सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने राऊत से बहु गिरीजा राऊत के उत्पीड़न मामले में राऊत से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।
अंजलि दमानिया ने कहा है कि मुझे विनायक राऊत की पारिवारिक जीवन में दखल देने की कोई इच्छा नहीं है। हालांकि, यह चौंकाने वाला है कि एक पूर्व सांसद और उनके परिवार के खिलाफ घरेलू उत्पीड़न से संबंधित इंडियन पीनल कोड की धारा 85 और मानव बलि और अघोरी प्रथा रोकथाम एक्ट की धारा 3(2) और 3(3) के तहत केस दर्ज किया गया है। एक सामाजिक जीवन में कार्य कर रहे व्यक्ति के परिवार पर इतने गंभीर आरोप लगने के बाद, पारदर्शी जांच होना जरूरी है।
दमानिया ने विनायक राऊत से दो सवाल पूछे हैं। उन्होंने पूछा है कि एफीआईआर के अनुसार आपके कहने पर परिवार वाले शिकायत करने वाले को अलग-अलग 'बाबाओं' के पास ले गए, इस आरोप पर आपकी क्या राय है? साथ ही जब इतनी गंभीर धाराएं लगी हों तो क्या आप जांच में पूरा सहयोग करेंगे?
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

