home page

चक्रवाती तूफान मुरासू से महाराष्ट्र को राहत

 | 

मुंबई, 01 नवबंर (हि.स.)। अल-नीनो का प्रभाव बना हुआ है। इस बीच अनर्ब तूफान के बाद दूसरे चक्रवाती तूफान ने दस्तक दे दी है। इसका नाम मुरासु रखा गया है और वह तेजी से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। तूफान के दिशा को देखते हुए फिलहाल महाराष्ट्र में राहत की सांस ली जा रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल महाराष्ट्र के लिए अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। सारा मौसम सिस्टम के रास्ते पर निर्भर करेगा। इसकी चाल और रास्ता अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। यदि महाराष्ट्र पर कोई असर पड़ता है, तो वह बारिश के रूप में होगा। जब यह सिस्टम जमीन की ओर बढ़ेगा, तो इसकी तीव्रता काफी कम हो जाएगी। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में बना सिस्टम चक्रवाती तूफान में बदल गया है। यह तेजी से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगे चलकर यह गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। संवेदनशील इलाकों में शासन-प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार जैसे-जैसे यह तूफान आगे बढ़ेगा, इसकी तीव्रता बढ़ने की संभावना है। यह कल सोमवार की मध्य रात से मंगलवार की सुबह के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश तट से टकराएगा। इस बीच हवा की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है और यह 125 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अगले दो दिन तटीय इलाकों के लिए बहुत अहम होंगे। तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होगी। दक्षिण ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। भारत के कई राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। आंध्र प्रदेश और उड़ीसा प्रशासन ने मछुआरों को 2 नवंबर से 4 नवंबर तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है। संवेदनशील इलाकों में एनडीआरएफ और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

तमिलनाडु, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक समेत दक्षिण और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। उत्तर भारत में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और झारखंड के पर भी असर पड़ेगा। कुछ इलाकों में तेज हवाएं और बिजली की कड़कड़ाहट के साथ बारिश होगी। समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तटीय इलाकों में पानी घुसने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार