बंगाल की खाड़ी में चक्रवात, महाराष्ट्र में बढ़ेगी ठंड
मुंबई, 14 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना है और अब इसके तीसरे चक्रवात में बदलने की संभावना है। इससे मौसम में बड़ा बदलाव आएगा। मौसम विभाग ने 16 राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है। हालांकि इस साइक्लोन का असर महाराष्ट्र पर नहीं पड़ेगा। लेकिन पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने से महाराष्ट्र के तापमान में गिरावट आएगी और गुलाबी ठंड बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में एक लो प्रेशर एरिया बना है। इसके अगले 48 घंटों में साइक्लोन में बदलने की संभावना है। दक्षिण भारत में बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। इस दौरान 40 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। अगले 24 घंटों में उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान समेत दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश की तेजी बढ़ने की संभावना है. पहाड़ी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में बारिश का कोई अनुमान व्यक्त नहीं किया है। महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में मौसम सूखा रहेगा और ठंड बढ़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में दिन में गर्मी भी बढ़ेगी। उत्तर भारत में घने कोहरे की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। उसके बाद उत्तर भारत से आ रही ठंड हवाओं के कारण महाराष्ट्र समेत भारत के कई राज्यों में तापमान में गिरावट आएगी और सर्द बढ़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

