home page

व्यक्तिगत छवि का गलत इस्तेमाल किया तो क्रिमिनल एक्शन: रूपाली चाकणकर

 | 

मुंबई, 15 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र की पूर्व महिला आयोग की अध्यक्ष व एनसीपी (एपी) की नेता रुपाली चाकणकर मराठी फिल्म ‘महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स’ को लेकर आक्रामक हो गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनके नाम, फोटो, पहचान और व्यक्तिगत छवि का गलत इस्तेमाल किया गया तो वह आपराधिक कार्रवाई करेंगी।

चर्चा है कि फिल्म ‘महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स’ में रूपाली चाकणकर जैसा रोल दीपाली निभा रही हैं। इस पर रूपाली ने आपत्ति जताई है। उन्होंने अपने नाम, फोटो, पहचान और व्यक्तिगत छवि के इस्तेमाल पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने दावा किया है कि उनके नाम, फोटो, पहचान और खुद को दिखाने के खास तरीके का ट्रेडमार्क कर लिया गया है। उन्होंने उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है जो बिना इजाजत के इन चीजों का कमर्शियल या पर्सनल फायदे के लिए इस्तेमाल करते हैं। उनकी अनुमति के बिना उनके नाम, फोटो, पहचान या खास स्टाइल का इस्तेमाल करके फोटो, वीडियो, फिल्म, रील, टीजर, विज्ञापन, पब्लिसिटी मटीरियल या कोई और मटीरियल न बनाएं।

रुपाली ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा गलत इस्तेमाल पाया जाता है, तो संबंधित आपत्तिजनक मटीरियल को जब्त करने की मांग की जाएगी। साथ ही, संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सिविल और क्रिमिनल कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्हाेंने इसके लिए कानून के मुताबिक सख्त कदम उठाने की भी चेतावनी दी है।

गाैरतलब है कि रूपाली चाकणकर का नाम नासिक के भोंदूबाबा और कथित वित्तीय व सामाजिक घोटालों के आरोपित अशोक खरात से जुड़ा है। इसकी वजह से उन्हें महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा था। चर्चा है कि फिल्म ‘महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स’ खरात के जीवन पर आधारित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार