home page

वसई में ऑनलाइन सट्टेबाजी का रैकेट चलाने वाले नौ आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई की वसई क्राइम ब्रांच ने क्रिकेट और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने 9.86 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

पुलिस उपायुक्त संदीप डोइफोडे ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि यह कथित नेटवर्क नायगांव ईस्ट स्थित सनटेक हिल व्यू-1 एंड लेकशोर सोसाइटी से संचालित किया जा रहा था। सट्टेबाजी से जुड़े लेन-देन के लिए दूसरों के नाम पर जारी सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण के बाद जांचकर्ताओं को आरोपितों की लोकेशन उत्तरी गोवा में मिली। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन पाटिल के नेतृत्व में वसई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की टीम ने को गोवा में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान फुरकान अहमद जसीमउद्दीन अंसारी (21), नितिन मोहनकुमार मखीजानी (45), करण सुरेश तनवानी (21), दीपक अनिल शेखावत (26), हितिक विनोद खूबचंदानी (26), राकेश संतरामदास वाधवानी (30) और मोहित हंसराज पोपटानी (24) के रूप में की गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 33 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, 78 पासबुक और चेकबुक, 69 एटीएम कार्ड, 40 सिम कार्ड, दो सीसीटीवी कैमरे और एक नोटबुक जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 9.86 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुणे-अहिल्यानगर रोड से 34 वर्षीय निकोलस उर्फ निक्की नरेंद्र रंगारी और 44 वर्षीय दीपक गोविंदराम धीरवानी को गिरफ्तार किया गया। इन गिरफ्तारियों के साथ मामले में आरोपितों की कुल संख्या नौ हो गई। इस मामले में जांच का मुख्य फोकस आरोपितों के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और सिम कार्ड के इस्तेमाल की पड़ताल करना है।

जांचकर्ता यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा था और इससे अन्य लोग भी जुड़े हुए थे या नहीं। इस मामले में नायगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की आगे की जांच वसई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव