सांताक्रुज में ऑनलाइन गेमिंग विवाद में युवक की हत्या, तीन गिरफ्तार
मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के सांताक्रुज के कलीना इलाके में स्थित सेंट रॉक चर्च की सीढिय़ों पर बीती रात ऑनलाइन मोबाइल गेम खेलने को लेकर हुए विवाद के चलते दोस्तों ने मिलकर एक युवक की हत्या कर दी। इस घटना में वाकोला पुलिस स्टेशन की टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की छानबीन वाकोला पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि इस घटना में मृतक युवक की पहचान दिलशाद के रुप में की गई है। बीती रात दिलशाद अपने कुछ दोस्तों के साथ चर्च की सीढिय़ों पर बैठा था। इसी दौरान अरबेज शाह ने दिलशाद के भाई सलमान फारूक शाह को फोन किया। दोनों के बीच फेसबुक आईडी का इस्तेमाल कर ऑनलाइन गेम खेलने को लेकर विवाद शुरू हो गया। फोन पर कहासुनी के कुछ देर बाद अरबेज ने दिलशाद पर चाकू से हमला कर दिया और उसके गले पर वार किया।
इस घटना में घायल दिलशाद को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों दिलशाद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में अरबेज शाह , मुसाहिद वकील अहमद खान और कौसर अली जमील शाह को गिरफ्तार किया है। तीनों की भूमिका की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

