home page

महाराष्ट्र के उपसभापति सचिन अहीर के घर पर चोरी मामले में तीन और नौकर गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 26 जुलाई, (हि.स.)। मुंबई क्राइम ब्रांच ने शिवसेना नेता एवं विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर के घर से कथित तौर पर 2.6 करोड़ रुपये के सोने, हीरे के आभूषण, चांदी और अन्य कीमती सामान की चोरी के मामले में रविवार को तीन और घरेलू नौकरों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की छानबीन मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि सचिन अहीर के घर पर हुई चोरी मामले में शुक्रवार को पुलिस ने प्रवीण सोलंकी को गिरफ्तार किया था। प्रवीण सोलंकी से पूछताछ के जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की यूनिट-3 ने सतीश कुमार मिस्त्री (26), अमित यादव (26) और सूरज गौतम (21) को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढक़र चार हो गई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपित प्रवीण सोलंकी के पास से 100 ग्राम का सोने का बिस्किट, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है, तथा करीब 29.7 लाख रुपये मूल्य का एक सोने की ईंट बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बाकी चोरी का सामान बरामद करने के लिए गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

यह मामला तब सामने आया, जब अहीर परिवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने सूचना दी कि आरोपित सतीश और अमित, जो लगभग 18 हजार रुपये मासिक वेतन पर रसोइए और घरेलू कर्मचारी के रूप में काम करते थे। उन्होंने अपने गृह राज्य झारखंड में नया मकान बनाया, जमीन खरीदी, एक टेम्पो और कार खरीदी तथा अपने रिश्तेदारों के खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर की है। सूचना देने वाले व्यक्ति ने अपने दावों के समर्थन में कुछ तस्वीरें भी भेजीं थी।

इसके बाद सचिन अहीर के बेटे कृष्ण अहीर ने पुलिस को बताया कि वर्ली सी-फेस स्थित उनके आवास पर चार घरेलू कर्मचारी कई वर्षों से कार्यरत थे। दशरथ शर्मा पिछले लगभग 17 वर्षों से परिवार के रसोइए थे, जबकि अमरजीत शाह करीब 13 वर्षों से खाना बनाने का काम कर रहे थे। वहीं, सतीश कुमार मिस्त्री और अमित कुमार रामबचन प्रसाद पिछले 6 से 7 वर्षों से घरेलू कामकाज और भोजन परोसने का काम करते थे, जबकि सूरज कुमार गौतम करीब ढाई वर्ष पहले हाउसकीपर के रूप में नियुक्त हुआ था।

कृष्ण अहीर के अनुसार आरोपितों को परिवार की दैनिक दिनचर्या, घर में कीमती सामान कहां रखा जाता है और सीसीटीवी प्रणाली की पूरी जानकारी थी। 13 अक्टूबर 2025 को घर में कथित शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग के बाद परिवार को शुरुआत में लगा था कि कुछ नकदी और कीमती सामान आग में नष्ट हो गया है। लेकिन बाद में जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज गायब मिलने और अन्य तथ्यों के सामने आने पर चोरी की आशंका गहरा गई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव