home page

क्रेन चालक रील बाजी में मस्त, बड़ा हादसा टला

 | 

मुंबई, 07 मई (हि.स.)। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के बहुचर्चित मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट पर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। 180 मीटर ऊंचे केबल-स्टेड ब्रिज पर काम के दौरान एक क्रेन चालक मोबाइल पर रील बनाने में इतना मशगूल हो गया कि उसने कई लोगों की जान खतरे में डाल दी। हालांकि गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। मामला सामने आने के बाद संबंधित क्रेन चालक को बर्खास्त करने का आदेश दिया गया है।

क्रेन की ट्रॉली में मजदूर काम कर रहे थे, नीचे गहरी खाई थी और पुल के नीचे से तेज रफ्तार वाहन गुजर रहे थे। ऐसे बेहद संवेदनशील माहौल में चालक का ध्यान काम छोड़ मोबाइल पर था। अगर जरा सी भी चूक हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना का वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया, जिसके बाद एमएसआरडीसी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित क्रेन चालक को तत्काल बर्खास्त करने के आदेश ठेकेदार कंपनी को दे दिए हैं। मुंबई-पुणे यात्रा का समय 30 मिनट कम करने वाला मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट हाल ही में यातायात सेवा के लिए शुरू किया गया है। पहाड़ों और झील के नीचे से गुजरने वाले इस विश्वस्तरीय प्रोजेक्ट ने आम लोगों, राजनेताओं और कलाकारों सहित सभी को आकर्षित किया है। इसी वजह से इस मार्ग पर यात्रा के दौरान रील बनाना, फोटो और वीडियो शूट करना लगातार जारी है। फिलहाल, हाईवे पुलिस द्वारा जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे ऐसे मामलों में कमी आई है। लेकिन वे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। अब इस प्रोजेक्ट पर काम के दौरान खुद क्रेन चालक द्वारा जानलेवा रील बनाने का मामला सामने आया है। दुनिया के सबसे ऊंचे 180 मीटर ऊंचे केबल-स्टेड पुल पर एएफकॉन्स कंपनी द्वारा कुछ छोटे काम किए जा रहे हैं। पुल पर एक क्रेन खड़ी थी और उसकी ट्रॉली में चार से पांच मजदूर काम कर रहे थे। काम के दौरान क्रेन चालक का पूरा ध्यान क्रेन संचालन पर होना जरूरी था, क्योंकि नीचे गहरी खाई थी और आसपास बड़ी संख्या में वाहन गुजर रहे थे। लेकिन इसी दौरान क्रेन चालक मोबाइल पर रील बनाने में व्यस्त था।

रील बनाते समय यदि क्रेन चालक का नियंत्रण हट जाता या कोई गलती हो जाती, तो ट्रॉली में मौजूद मजदूरों के साथ-साथ मिसिंग लिंक पर गुजर रहे वाहन चालकों और यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती थी। यह रील सोशल मीडिया और मीडिया में वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

एमएसआरडीसी के अधीक्षक अभियंता राहुल वसईकर ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि क्रेन चालक की गलती से बड़ा हादसा हो सकता था, इसलिए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उसे बर्खास्त करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार को दिए गए हैं। वहीं, ठेकेदार कंपनी ने भी एमएसआरडीसी के आदेशानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार