नकली शराब कारोबारियों पर बरसेगा हंटर, सख्त हुआ उत्पादन शुल्क विभाग
मुंबई, 09 जुलाई (हि.स.) महाराष्ट्र में गैर-कानूनी शराब की तस्करी और नकली शराब बिक्री पर अब हंटर चलेगा। इसे लेकर राज्य उत्पादन शुल्क विभाग सख्त हो गया है। इसके लिए विभाग को सशक्त बनाया जाएगा। यह घोषणा गुरुवार को विधान परिषद में मंत्री हसन मुश्रीफ ने में दी।
मंत्री मुश्रीफ ने कहा कि सरकार राज्य उत्पादन शुल्क विभाग की क्षमता बढ़ाने के साथ राजस्व में भी वृद्धि के लिए कई कदम उठा रही है। मुंबई, ठाणे, पुणे, नाशिक, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर में राज्य उत्पादन शुल्क विभाग के नए अधीक्षक कार्यालय खोले जाएंगे। इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और बेकायदा शराब के कारोबार पर अधिक प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
उन्होंने कहा कि विभाग के राजस्व में लगभग 17.63 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। विभाग में 1,088 नए स्वीकृत पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कुल 4,926 पदों को महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग के माध्यम से सीधी भर्ती और पदोन्नति से भरने का प्रस्ताव है। पदोन्नति प्रक्रिया पर न्यायालय की रोक के कारण कुछ विलंब हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

