home page

हाथ भट्टी शराब के खिलाफ अभियान, 1.5 करोड़ रुपये का सामान जब्त

 | 

मुंबई, 03 जून (हि.स.)। पिछले सप्ताह पुणे शहर में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हुई थी। इस घटना के बाद एक्साइज डिपार्टमेंट एक्शन में आ गया है। राज्य में गैर-कानूनी तरीके से चल रहे हाथ भट्टी शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की गई है। ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिले में कुल 313 मामले दर्ज कर 213 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इस मुहिम में 1 करोड़ 58 लाख 17 हज़ार 546 रुपये का सामान ज़ब्त किया गया है।

राज्य उत्पादन शुल्क विभाग ने हाथभट्टी पर शराब बनाने और बेचने वाले सेंटर्स के खिलाफ़ कार्रवाई करने के लिए एक स्पेशल टीम बनाई है। इस अभियान के दौरान 29 मई से 2 जून के बीच कोंकण इलाके के तीन ज़िलों में कार्रवाई की गई है। ठाणे जिले में हाथ भट्टी निर्माण के हॉटस्पॉट दिवा गांव खाड़ी क्षेत्र, घेसर, अंजुर, अलीमघर, छोटी देसाई, मोठी देसाई, अगासन, खारडी, सरलम्बे, वाशला, घोरपे, पालेगांव, सवर्णे, वेलु, कोरावाले, वासरगांव, हाजीमलंग, कुशिवली, मनेरागांव, द्वारलीपाड़ा, कुंभारली, केवाणी, कलवार, वदुनावघर, मामेखरडी, करीवली, मामनोली, जांभुलगांव, नंदपगांव, उत्तान, मुर्दागांव, कोपराखड़ी, गोराई खाड़ी में अपराध दर्ज कर हाथ भट्टी निर्माण केंद्रों को नष्ट किया गया है। पालघर जिले के मालजीपाड़ा, वसई, विरार और पालघर में भी अपराध दर्ज कर हाथ भट्टी निर्माण केंद्रों को नष्ट किया गया है। रायगढ़ जिले के रावेगांव, बेकारेगांव, जावलीगांव में मामला दर्ज कर हाथ भट्टी बनाने वाले सेंटरों को नष्ट करने की कार्रवाई की गई है। साथ ही अवैध शराब ट्रांसपोर्ट करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर कुल आठ गाड़ियां जब्त की गई हैं।

स्टेट एक्साइज कमिश्नर डॉ. राजेश देशमुख के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि यदि आपके इलाके में कहीं भी नकली शराब, विदेशी शराब, गैर-कानूनी शराब बनाई या बेची जा रही हो, या मेथनॉल, क्लोरल हाइड्रेट जैसे पदार्थ या लिक्विड बनाया जा रहा तो इसकी तुरंत सूचना विभाग को दें। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 18002339999 और व्हाट्सएप नंबर 8422001133 जारी किया गया है। जानकारी देने वालों का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार