खेल परिसर उद्घाटन के आमंत्रण पत्र पर विवाद, भाजपा ने कहा- राजशिष्टाचार का उल्लंघन हुआ
मुंबई, 01 अक्टूबर, (हि. स.)। वसई-विरार शहर महानगरपालिका के नवनिर्माणाधीन खेल परिसर (क्रीडा संकुल) का उद्घाटन समारोह 3 अक्टूबर को आयोजित किया गया है। इसके आमंत्रण पत्र पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। महापौर की ओर से जारी किए गए इस आमंत्रण पत्र को खुद मनपा के अधिकारियों द्वारा सभी को वितरित किए जाने का मामला सामने आने के बाद भाजपा ने मनपा प्रशासन के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। इस मामले को लेकर जवाब मांगने के लिए विरोधी पक्ष नेता मनोज पाटिल ने भाजपा नगरसेवकों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ गुरुवार शाम को अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत से मुलाकात की और उन्हें आड़े हाथों लिया।
इस दौरान विरोधी पक्ष नेता मनोज पाटिल ने प्रशासन की दोहरी नीति पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने सीधा सवाल किया कि यह लोकार्पण मनपा की इमारत का है या किसी की निजी संपत्ति का? उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि इस समारोह का आमंत्रण पूरी तरह से नियम-विरुद्ध है और इसके जरिए राजशिष्टाचार का खुलेआम उल्लंघन किया गया है। सरकारी और मनपा के आधिकारिक कामों में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी कर एक विशिष्ट वर्ग की जी-हुजूरी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि आपके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव क्यों न लाया जाए? भाजपा के कड़े ऐतराज के बाद अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत ने इस पूरे मामले से खुद को अनजान बताते हुए बचाव की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वे महापालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. से तुरंत चर्चा करेंगे और अगले कुछ घंटों में इस पर आधिकारिक जानकारी और स्पष्टीकरण देंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

