home page

मीठी नदी परियोजना के 90 करोड़ को लेकर बढ़ा विवाद

 | 

मुंबई, 26 मार्च (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका ने मीठी नदी परियोजना का 90 करोड़ रुपये घाटकोपर–मानखुर्द लिंक रोड फ्लायओवर विस्तार परियोजना में स्थानांतरित कर दिया है। इसे लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। इसे लेकर विपक्षी दल आक्रामक हो गए हैं और राशि का ऑडिट कराने की मांग की है।

विपक्षी दलों ने इस फैसले को वित्तीय कुप्रबंधन करार दिया है। कांग्रेस सहित अन्य नेताओं ने पिछले तीन वर्षों में हुए फंड ट्रांसफर की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बार-बार इस तरह फंड डायवर्जन से मनपा पर सवाल उठ रहे हैं। मीठी नदी परियोजना की राशि हस्तांरति करना भविष्य में जोखिम पैदा कर सकता है। वित्तीय वर्ष 2025–26 में मीठी नदी और अन्य जल निकायों के सुधार के लिए लगभग 150 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया था। हालांकि अब तक इसमें मात्र 10 करोड़ रुपये ही खर्च किए गए हैं। शेष राशि में से 90 करोड़ को फ्लायओवर विस्तार के लिए ट्रांसफर करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। यह परियोजना सायन–पनवेल हाईवे की दिशा में यातायात सुगम बनाने के उद्देश्य से विकसित की जा रही है।

बीएमसी अधिकारियों का कहना है कि मीठी नदी परियोजना में कुछ राशि उपयोग में नहीं लाई जा सकी थी और ठेकेदारों के भुगतान पहले ही किए जा चुके थे। वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले फंड के उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया, ताकि राशि लैप्स न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार